मंगलवार, 12 जनवरी 2010

हाकी खिलाडियों से करोडों की फ़ैसिलिटी वापस ली जाएगी




खबर :- लौटें या कार्रवाई को तैयार रहें हाकी खिलाडी

नज़र :- हां , बिल्कुल ठीक बात है , यार हद है , बताओ भला राष्ट्रीय खेल के खिलाडी इस तरह से करेंगे तो कितना बुरा असर पडेगा मालूम है। बच्चे तो भूल भी जाएंगे कि राष्ट्रीय खेल हाकी है , और सब क्रिकेट के दीवाने हो जाएंगे । इसलिए इस कदम का समर्थन किया जाना चाहिए । मैं तो कहता हूं कि हाकी खिलाडियों को मिलने वाली तमाम सुविधाएं, लाखों करोडों का बैंक बैलेंस, उनका वो स्टार स्टेटस, विज्ञापन के इतने सारे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय अनुबंध , और इस तरह की तमाम सुख सुविधाएं वापस छीन लेनी चाहिए .....। आयं , क्या कहा ...ये सब तो उन्हें मिल ही नहीं रही है .......अबे तो क्या खाक कार्रवाई करोगे बे...। जब दिया ही कुछ नहीं है तो लोगे क्या ..?????
______________________________________________________
खबर :-बार में गोली चलाने वाले विधायक पुत्र को मिली जमानत

नज़र :- इसलिए तो मुझे इस देश की न्याय व्यवस्था पर अभी भी पूरा विश्वास है । एकदम से परख लेते हैं कि कौन किस लायक है । अब बताईये इतनी शानदार क्वालीफ़िकेशन के बाद भी यदि उसे यदि जमानत नहीं मिलती तो फ़िर काहे का न्याय जी । अब विधायक पुत्र है तो गोली ही चलाएगा न , कोई हमारी तरह फ़टा हुआ स्कूटर तो चलाएगा नहीं, और फ़िर बार से उपयुक्त जगह है कोई इस काम के लिए आप ही बताईये भला । और सबसे अच्छी बात तो ये है कि इस गोली से कौन सा कोई जेसिका लाल मर्डर जैसा कुछ हुआ था जो उन्हें जमानत नहीं मिलती । हमें तो इस खबर से जितना भरोसा लोकतंत्र पर हुआ है उतना ही अटूट विश्वास न्यायव्यवस्था पर भी हुआ है
____________________________________________________________

खबर :-तैरते रेस्तरां पर होगी नीतिश कैबिनेट की बैठक

नज़र :- डूबते हुए राज्य के लिए सारे फ़ैसले तैरते रेस्तरां पर ......व्हाट एन आईडिया सर जी । तभिए न सब कह रहा है कि ग्रोथ रेट देखिए ,बताईये एतना नायाब आईडिया लाए हैं कि सब पानी पानी हो गया है । ओईसे हमको आपका ई उत्तम विचार का टाईमिंग तनिक मिसमैच किया हो नीतिश जी । अपने इहां तो हर साल बाढ अईबे करता है । तब तो पूरा बिहार ही तैरता हुआ रहता है , तब तो चौपाल की बैठक से लेकर , कैबिनेट की बैठक तक सब कुछ एक दम स्वीमिंग करते करते हो सकता था । बताईये हमरा आईडिया आपके वाले से ज्यादा टैण टैणेन है न ????____________________________________________________________________________

खबर :-आश्वासन के बाद भी क्यों नहीं रुक रही आस्ट्रेलिया में हिंसा :कृष्णा

नज़र :- लो जी अब ये और नई बात लो । कृष्णा साहब पूछ रहे हैं कि , भैय्या कंगारू लोग तुम लोग जो वादा किए थे कि अब अपने बबुआ लोगों को नहीं मारेंगे पीटेंगे तो फ़िर काहे नहीं वादा पूरा किए ?? का कृष्णा जी , इ ससुर आस्ट्रेलियन सब को आप चीन्हते नहीं हैं का । सब ई राज ठाकरे का विदेशी आस्ट्रेलियाई संसकरण है जी । मानेगा थोडी, जब उनका क्रिकेट खिलाडी सब बार कुछ न कुछ कर कह जाता है तो ऊ तो आम पब्लिक है । और आश्वासन की बात तो कीजीये मत । आपके पडोस में बैठे , पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, चीन रोजे कितना आश्वासन करता है ???और फ़िर निभाता कितना है ई आपको पता ही होगा । आस्ट्रेलियन सरकार को जरा कायदे से समझाईये /धमकाईये तब समझ में आएगा उनके ॥
______________________________________________________________________________

खबर :-ज्योतिषी नहीं हूं जो बता दूं कब सस्ती होगी चीनी ,: पवार

नज़र :-अरे धत तेरे कि क्या पवार साहब । आप पहले बताते कि ये आपका काम नहीं है और ये ज्योतिषी बताएंगे कि चीनी कब सस्ती होगी । आप तो खाली बिना पावर वाले पवार हैं जी । यदि यही बात है तो फ़िर हम खुदे जान जाएंगे , सुन रहे हैं न अपने ब्लोग के ज्योतिषी लोग । जल्दी से बताईये ....अरे हमको नहीं जी .....पवार साहब को बताईये । आखिर ऊ मंत्री हैं कुछ न कुछ तो कहना ही पडेगा न उनको भी ॥वैसे तो इसका एक दम सिंपल जवाब ई है कि चीनी तब सस्ती होगी जब देश वासियों को , लगभग अस्सी प्रतिशत को डायबिटीज हो जाए तो , जरूर सस्ती हो जाएगी ??? ऐसा हमारा आकलन है जी
_______________________________________________________________________________

खबर :-राष्ट्रमंडल खेल के लिए मच्छरों का होगा सफ़ाया

नज़र :- जे बात ! और सबको लग रहा था कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए कोई तैयारी ही नहीं हो रही है , बताईये भला । देश की एक अति प्राचीन परंपरा ( जिसमें मेहमानों का परिचय मेजबान के घरों के मच्छरों से जरूर हो जाता था ) को भी बदलने के लिए तैयार है सरकार और इसके लिए बाकायदा योजनाएं भी बनाई जा रही हैं । मगर इस सुनहरी योजना में बस एक गडबड हो रही है कि सुना है कि अपने देसी खिलाडियों का कहना है कि उन्हें यदि इस देसी फ़ैसिलिटी( जिसमें उन्हें खटमल मच्छरों के साथ अभ्यास की आदत हो गई है )तो राष्टमंडाल खेलों के दौरान यदि उस सुविधा से वंचित किया गया तो फ़िर बाद में न कहना कि मैडल नहीं ला पाए .....हां नहीं तो कहे देते हैं ॥




शनिवार, 19 दिसंबर 2009

रूस में दिखी उडनतशतरी : अबे ब्लोग्गिंग भी करती है क्या




खबर :- रूस में देखी गई उडनतशतरी

नज़र :- अबे रूसियों .....तुम लोगों का यार जब से स्टेट छोटा हुआ है न ..तभी से इत्ती सी बात भी तुम लोगों के लिए खबर बन जाती है यार कमाल है । बताओ हमारे यहां तो बच्चे बच्चे ने उडनतशतरी को देखा है ....अबे हमारी वाली उडनतशतरी तो ब्लोग्गिंग भी करती है .....और बीडी पी के उसके कवर पर इत्ते धांसू धांसू गज़ल लिखती है कि ....चचा गालिब होते ..तो कबके बोतल छोड के बीडी शुरू कर देते । तुम लोगों ने कोई प्लेट श्लेट थाली वैगेरह भटकते हुए देख ली होगी तो इतराने लगे । हमारी वाली को देखो गश खा के न गिर गए तो कहना ...हमारी वाली है एक दम क्यूट सी गोलमोल ....ऐसा लगता है गुलाब जामुन ....खुद अपने इंसानी वर्जन में खूब सारा मीठा रस लेकर हमारी प्लेट में चली आई है और हम गडप गडप खाए जा रहे हैं स्वाद से । अब बताओ थी क्या ऐसी उडनतशतरी ........???????? नहीं न ...॥
_____________________________________________________________________

खबर :-कसाब अपने बयान से पलटा

नज़र :- हाय राम इत्ती घनघोर फ़ैसिलिटी के बाद भी पलट गया । मुआं, नासपीटा ,मान ही लेता चुप करके तो हम कौन सा उसे फ़ांसी पे चढा रहे थे । और फ़िर हमने कौन सा उसके कहने से सीधा सीधा मान लेना था ....हमारे पास अपनी सी बी आई टाईप की एक धुंआधार पुलिस है जो बिना कहा मनवा लेती है और जब मान लो तो उसे बिना किया भी साबित कर सकती है । यार तुम कह रहे हो तुमने पुलिस की पिटाई के डर से ऐसा कहा था ....। यार ये तो एक दम फ़ाऊल है भाई .....हम तो सुन रहे थे पुलिस तुम्हें शाही कबाब वैगेरह उडा रहे थे ..और माशा अल्लाह तरह तरह की फ़रमाईशें भी पूरी हो रही थी । फ़िर भी
अच्छा सिला नहीं दिया तूने मेरे प्यार का ,
थोडा सा तो रखता मान हमारे लाड का ॥

तुमने यार एकदम पाकिस्तानी टाईप हरकत की है , जाओ अब हमारा देश और हमारे नेता , तुम कसाबों के वादों पर कभी भी यकीन नहीं करेंगे ।.....
_____________________________________________________________________________


खबर :- ममता ने खोली लालू की पोल

नज़र :- आखिरकार खोल ही दी आपने भी ममता बेन । चलो आखिर रेल मंत्री बनने का असली उद्देश्य तो सार्थक हो गया ...अब खुशी खुशी आप रेलवे पर ध्यान दे सकती हो ....वो दुरंतो चलाने वाली थी न । एक तो ये लालू जी भी न पता नहीं कितने पोल गाड दिये ..और कहां कहां पर ....जिसको देखो उखाडने में लग जाता है , खोलने में भिड जाता है । अब तो पोल पे टंगी हुई लालटेन का घासलेट भी खत्म हो गया है ....होता भी कैसे नहीं ...खुदे लेट के सारा घास-चारा ...चर गए । वैसे खोला का पोल में ममता बेन ने .......आयं का कहे का .......रेल मंत्री के रूप में लालू जी बहुते झूठ बोले गलतबयानी किए । हा हा हा ......लो ई कौन पोल थी भाई ......ई तो सब खुली खुलाई बात थी .....ई मंत्री लोग जो भी बोलता है......सब गलतबयानी ही तो ........फ़िर ......

____________________________________________________________________


खबर :- भाजपा के सारथी बने रहेंगे आडवाणी

नज़र :- हां भई ...आखिर उनका रथ ड्राईविंग लाईसेंस लाईफ़ टाईम तक का बना है और उन्होंने कौन सा रथ को ब्लू लाईन बस की तरह चलाना है ....एक्सीडेंत भी कितना कम करते हैं बताईये और स्टौप पर भी बराबर ब्रेक मारते हैं ...अरे इत्ता बढिया रथ ड्राईवर अगर महाभारत के टाईम पे पांडवों को मिला होता तो वे तो हस्तिनापुर तो हस्तिनापुर .......लंका भी जीत लेते । लो तो इसमें कौन आश्चर्य की बात है ....आखिर धर्म वाले रथ पे निकलते तो इत्ता तो खींच ही ले जाते न । क्या कहा ...नहीं जाते ..मतलब वे जबसे ड्राईवर बने हैं रथ पंक्चर हो गया ....जब ठीक से चलता ही नहीं तो एक्सीडेंट क्या खाक करेगा ...सारी सवारियां भी धीरे धीरे उतर के जा रही हैं । अब न चलता इनसे रथ वथ ............।
_______________________________________________________________________________

खबर :- अल्पसंख्यकों को १५ फ़ीसदी आरक्षण देने की सिफ़ारिश

नज़र :- कितने सिफ़ारिशी टाईप के नेता हो यार तुम लोग जब देखो सिफ़ारिश ......जब देखो सिफ़ारिश ......मगर एक बात बताओ ....ये अल्पसंख्यक हैं कौन ......देखो अपना वही पुराना रटा रटाया राग मत गाना यार । तुम लोगों का डाटा भी एक दम पुराने विंडोस की तरह आके रुक गया है ...अबे भैया नया लेटेस्ट वर्जन अपडेट करो ....तब पता चलेगा कि अब तो ...;.बाबा लोग भी ...बहुसंख्यक हो गए हैं .....यार बाबा क्या ये जो कसाब , अफ़जल जैसे ....लोग थे जो पहले गिनेचुने थे ...सुना है कि अब वे भी थोक के भाव पनप गए हैं ......वो भी नहीं रहे अल्पसंख्यक ...। अबे तो बचा कौन ...इस आरक्षण के झुनझुने को बजाने और सुनने के लिए ......। इससे अच्छा तो तुम लोग यार नौकरी वौकरी का कुछ जुगाड कर देते ....अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक ...सब ट्राई मार लेते ॥
______________________________________________________________________________


खबर :- उत्तर प्रदेश में खतरे में बुजुर्गों की पेंशन

नज़र :- लो यहां बुजुर्ग खुद ही खतरे में पडे हुए हैं .......और चाहे उत्तम प्रदेश हो या ....कौनो और प्रदेश .....बुजुर्गों की हालत तो एक ही है भाई । फ़िर उत्तर प्रदेश मे तो जो भी बचा हुआ है थोडा बहुत बजट ...ऊ में या तो बहिन जी का हैप्पी बर्थ डे मनाया जाता है .....या फ़िर बहिन जी का हथिया सब का खुराक चलता होगा । अब ई के बाद जो बचता होगा ऊ में तनख्वाह ही मिल जाए तो गनीमत है ....पेंशन का कौन पूछे । हमको तो लगता है कि कहीं किसी दिन बहिन जी ई न कह दें कि जाओ बुजुर्ग सब को एक एक ठो हाथी दे दो । ऊ पर बैठ कर जब ऊ लोग सवारी करेंगे तो प्रदेश का छवि एकदम विदेश टाईप हो जाएगा ।
_______________________________________________________________________________


मंगलवार, 15 दिसंबर 2009

इटली में एक आदमी ने प्रधानमंत्री को पीटा ,बताओ लोकतंत्र हमारा मजबूत है , कैसे जी


खबर :- इटली में एक आदमी ने प्रधानमंत्री को पीटा

नज़र :- बताओ यार ! एक हम हैं खामख्वाह का हल्ला मचाते रहते हैं कि लोकतंत्र मजबूत है हमारा । बाहर वाले कभी प्रधानमंत्री पीट मारते हैं तो कभी राष्ट्रपति को जूता ठोंक देते हैं । हम बस वोट वोट खेल कर ही रह जाते हैं । कायदे से होना तो ये चाहिए कि हमें भी समय समय पर कम से कम एक आध छोटे मोटे एम एल ए , एम पी तो पीटते ही रहने चाहिए । देखिए इसके भी दो वाजिब कारण तो हैं ही हमारे पास । एक तो ये कि हमारे वाले मंत्री नेता , इटली अमरीका वालों से कहीं ज्यादा डिसर्व करते हैं ये पीटमपीट अवार्ड । दूसरा ये कि हम मारे न मारे, वे बेचारे खुद तो एक दूसरे के सेवा करते ही रहते हैं जब तब । तो ऐसे में आपको ये नहीं लगता कि हमें भी पूरी दुनिया को दिखा देना चाहिए कि लोकतंत्र में हमारा विश्वास सिर्फ़ थ्योरिटकली ही नहीं है ....तो बंधुओं आईये हम ये शपथ लें कि मौका मिलते ही ................हां .....पक्का पक्का ॥
_______________________________________________________________________________

खबर :- हिंदुस्तान में तालिबान

नज़र :- ओह ! हाय ! आखिरकार अब जाके ये सपना सच हुआ । चलो देर आयद दुरुस्त आयद । तालिबानी भी आखिरकार आ ही गए । चलिए अब उनके लिए हम नई झुग्ग्यों का निर्माण करें ताकि उसमें रहने के बाद थोडे दिन में उनके नए वोटर कार्ड बनवा दिए जाएं और फ़िर वे भी हमारे बांग्लादेशी मेहमानों की तरह यहां के पक्के , हमसे भी पक्के , नागरिक हो जाएं । यार कम से कम तब जब वे किसी बम विस्फ़ोट में पकडे जाएंगे तो .......कसाब वाला स्पेशल ट्रीटमेंट तो नहीं मिलेगा न । वैसे कुछ पता चला कि आए क्या करने हैं .....। ....क्या कह रहे हो सच्ची .....लो कल्लो बात सुना ..कह रहे हैं आजकल भारत में सबको औन डिमांड राज्य मिल रहा है तो ..उन्होंने सोचा लगे हाथ अपने लिए भी एक छोटा मोटा तालिबान मांग ही लें । ये तो यार नेक ख्याल है ...दे दो भाई दे दो ॥

_______________________________________________________________________________

खबर :- दिल्ली में सडक पर पैग पीना पडेगा पांच हजार का

नज़र :- अच्छा , यार ये फ़ैसिलिटी नई शुरू की है क्या ...?मगर सुना है सडक पर रिक्शे /ठेली/ रेहडी वाले बेचारे गरीब अद्धा/पव्वा मार के लोट मारते हैं उनसे भैया ....पांच हजार तो दूर ...पांच रुपये भी निकल आए न तो समझना ...लौटरी निकल आई तुम्हारी । अबे भले लोगों जुर्माना भी लगाया तो कितना पांच हजार और लगाया भी तो किस पर सडक वालों पे । यार तुम्हारी अक्ल पे न तरस आता है बस । सुनो हमारी मानो तो जुर्माना लगाओ पचास हजार और किन पे ...क्यों मजाक करते हो .....अब सफ़ेद कोठियों और फ़ार्म हाऊसों का नाम भी क्या मुझी से बुलवाओगे ..। देखो भैय्या फ़ायदा ही फ़ायदा है इसमें ..मानो या न मानो ॥

_____________________________________________________________________________

खबर :- महंगाई ने बढाई केंद्र की परेशानी

नज़र :- क्यों भाई ! केंद्र की भी कोई लुगाई है का ...? ऊ का भी कौनो किचन है का ....? अबे केंद्र को कौन सा टमाटर, प्याज, आलू खरीदना पडता है॥ अरे छोडो छोडो काहे की चिंता जी .....उ को कौन अपने मेहमान को चाय पिलानी पडती है कि चीनी का भाव पता चलेगा ॥ और ई कईसे संभव है कि केंद्र महंगाई भी खुदे बढाए......और ऊके बढने पर उ की परेशानी भी बढ जाए....। फ़िर कुअन अभी इलेक्शन होने जा रहा है जी .....तो काहे टेंशनियाते हैं जी ......आप तो बस जय हो ...जय हो गाईये......एक दम टैण टैणेन ....की धुन में

_______________________________________________________________________________

खबर :- मुफ़्त होगा गरीबों का इलाज

नज़र :- क्या कहा ....फ़िर से कहना ! यार अभी अभी तो कहा है कि चुनाव का मौसम अभी नहीं आया है तो फ़िर ये चुनावी वादों टाईप की घोषणा काहे भाई । धीरे बोलो यार !कहीं ऐसा न हो ई खबर सुन के कौनो गरीब बीमार मारे खुशी के ही चल बसे । मुफ़्त होगा गरीबों का ईलाज । बताओ यार ये तो कुल मिला के ही एक्सक्लुसिव खबर है ।गरीब का इलाज होगा ...यही क्या कम बडी खबर है .....मुफ़्त होगा ..ये सोने पे सुहागा मगर सच कहूं तो बस यहीं से यार तुम लोगों की इंटेशन पर शक होना शुरू हो जाता है । इलाज होगा तक तो ठीक है ..क्योंकि कई बार ईनाम विनाम और धर्म कर्म के चक्कर में तो कई बार मुफ़्त या कम दामों पर सरकारी जमीन झटकने के चक्कर में आप लोग कर लेते हो गरीब का भी इलाज ....मगर मुफ़्त ....चलो देखते हैं ...का होता है ।
______________________________________________________________________________

खबर :- आखिर कितने दिन तक लटकेगा सेतु समुद्रम मामला :सुप्रीम कोर्ट

नज़र :- लिजीये अभी तो झूला डला ही है अभी तो देखते जाईये कितना लटकता है । अजी सर इत्ते प्यार से इत्ता लंबा रस्सा डाला है तो लटकेगा ही न । अभी तो इसी के सहारे कुछ दिन चलेगी दुकान । देखिए न राम जन्मभूमि वाला चैप्टर भी ठंडा सा हो गया । इतने सालों बाद आयोग की रपट भी आई तो ...उसमें भी कुछ ऐसा हाथ नहीं लगा कि अगले चुनाव की नैय्या उसी के सहारे पार हो पाती । अब गोधरा शोधरा भी रोज रोज कहां होता है । फ़िर ले दे के यही तो बचा है ..लटकाने और लटकने वाला मुद्दा । फ़िर सर पुल का मामला है तो थोडा बहुत लटकेगा ही न । आप टेंशन न ल्यो सब आपे ठीक हो जाएगा जी ..मी लार्ड ॥

_______________________________________________________________________________

खबर :- सात दिन में आसाराम बापू आश्रम को खाली करनी होगी सरकारी जमीन

नज़र :- अरे क्यों भाई , ऐसा क्या हो गया । यार इस देश में तो संतों का तो किसी को ध्यान ही नहीं है । बताओ भला कित्ती टाईप टाईप की सेवा की इत्ते दिनों से । प्रवचन तो प्रवचन , शैम्पू ,तेल, अगरबत्ती जैसे हर्बल प्रोडक्ट तक बेचे अपने स्पेशल सेल स्कीम द्वारा जन कल्याण हेतु । फ़िर आश्रम मे वो स्पेशल वाली भक्ति अलग ..और उसका ये सिला मिला । एक तो पकड लिया , बदनाम हुए सो अलग अब रही सही कसर भी पूरी कर दी जमीन से बेदखल करके । बाबा ओ बाबा ...अरे रामदेव जी से मुखातिब हैं यार ....आपही कुछ करो ..यार अमरीका वाले आश्रम में ..पार्टनरशिप हो जाए क्या

_______________________________________________________________________________

रविवार, 29 नवंबर 2009

ऑन्लाइन कैट से हुई किरकिरी : रामप्यारी होती तो नहीं होती न


खबर :- औन लाईन कैट से हुई किरकिरी

नज़र :- लो जी अब तक हम समझ रहे थे कि औन लाईन चैट से ही किरकिरी होती है ...अब तो मुंआ औन लाईन कैट से भी किरकिरी ही हो गई ....देखिये तो ॥क्या खाक मैनेजर बनाएंगे जिनकी परीक्षा ही नहीं ले पाए....सुना कई जगह तकनीकी खराबी हो गई.....सर्वर खराब हो गए.....अबे कैसी औन लाईन कैट थी बे तुम्हारे पास ...ताऊ की औन लाईन कैट ....अरे अपनी सयानी बिल्लन ....रामप्यारी को ले जाते ॥फ़िर देखते कैसे झटपट हो जाता सब कुछ ....यकीन नहीं होता ....अबे उसकी पहेली ने टीप के सारे रिकार्ड ध्वस्त कर डाले हैं .....कोई सर्वर खराब नहीं .....तुममें अक्ल होती तब ....
__________________________________________________________________

खबर :- नेताओं को मारने की हिदायत दी थी लश्कर ने

नज़र :- हैं क्या कह रहे हो ....सच में ......या ये लश्कर वाले कब से ऐसा सोचने लगे ...उन्हें इतनी चिंता कब से होने लगी हमारे भले की ...जो ऐसी हिदायत देने लगे .....और यार हिदायत तो ठीक से दिया करो ॥पिछली बार पता नहीं कैसी खराब हिदायत दी ...गधे कहीं के सब के सब संसद के बाहर ही पकडे गए...एक नेता नहीं मारा इन्होंने .... तो भैया ज्यादा सोच विचार मत करो ...हम तो कहते हैं ...कल्लो ये काम फ़टाफ़ट .....और हां सुनो ...जितने ज्यादा मार सको ॥उतना अच्छा ......नहीं यार इतना इंन्वेस्टमेंट करते हो आप लोग ॥उसका कुछ तो रिटर्न आये ...बडा सा ॥हैं .......तो हम खुश हों लें कुछ दिन ....कि देर सवेर आप इस पर ध्यान दोगे सीरीयसली
__________________________________________________________________

खबर :- दोषियों को मिले ऐसी सजा जो नजीर बन जाए .....शशि थरूर ....

नज़र :- अमां ...भैय्ये ....ये तुम्हारा नाम थरूर नहीं ॥बल्कि ...जरूर होना चाहिए था ....यार तुम मानते ही नहीं ....बोलोगे जरूर .......दोषियों को .....यार यही तो रोना है.....पहली बात तो ये कि दोषी ...है यही साबित कैसे हो कि दोषी कौन है .....अब आपको साबित किया किसी ने दोषी .....और मान लो रो पीट के साबित कर भी दिया तो उससे होगा का ....अरे अपील शपील खाली क्रिकेट में ही थोडे होता है ....भैय्या .....इंहा के कानून में भी होता है ...और का खूबे जोरदार होता है ...समझिये कि सजा के बदले मजा ही मजा होता है ...अब आप उसको नजीर बनाईये कि ...वजीर कुछो फ़र्क नहीं पडता है ॥ __________________________________________________________________ खबर :- पद सात, और आवेदन आए तेरह सौ ॥

नज़र :- हांय़ .....इत्ता गजब .....ये कै गुना हो गया भाई ....अबे पद काहे का निकाल दिया ...डायरेक्ट मंत्री शंत्री तो नहीं न बना रहे हो भैया ....बता दो टाईम से ....का होगा ॥यही न कि ....तेरह सौ एक हो जाएगा .....॥ का कहे हिंदी लेक्चरर का पद है हिमाचल विश्वविद्यालय में ......। अरे सच्ची ....वाह जी वाह ...और यहां ढोल बज रहा है कि हिंदी कमजोर हो रही है .....भैया कमजोरी मा ई हालात है .....तो जब मजबू्त हुई जाएगी तब का होगा जी ....हमको तो लगता है .......सात पद के लिए....कुल सात हजार आवेदन आ जाएंगे ॥ यूनिवर्सिटी वालों .....का करोगे ....अब ॥यार का किया जाए.....ई कसूर किसी का नहीं .....नसीब नसीब की बात है ...बताओ ई देश में शिक्षा का ई हाल है तौबा तौबा ...॥
__________________________________________________________________ खबर :- बाल आयोग ने भेजा सरकार को नोटिस

नजर :- ओह ये तो बडा ही भारी काम किया आयोग ने ......आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ ....हाय राम अब सरकार क्या करेगी ....यार कहीं ऐसा हो कि सरकार इन नोटिस का नोटिस लेकर शर्म के मारे ....अपनी लुटिया ही डुबो दे ....या फ़िर कहीं गुस्से में कोई बडा क्रांतिकारी कदम उठा ले ..... क्या कहा सरकार ऐसा कुछ नहीं करेगी ॥पहले भी कभी सरकार ने ऐसे नोटिसों पर कोई ध्यान नहीं दिया है ....अच्छा फ़िर ...आयोग ने नोटिस काहे का भेजा है ओह
ओह अच्छा अच्छा...आयोग नोटिस भेज कर अपनी परंपरा निभा रहा है ....और सरकार उस पर बिल्कुल भी ध्यान न देकर अपनी परंपरा .....। तो हे देशवासियों हमारा ये नैतिक, सामाजिक, पारंपरिक, और जितने भी इक टाईप का कर्तव्य है ....वो बनता है कि हम इन दोनों को अपनी अपनी परंपरा निभाने दें । ...
___________________________________________________________________

खबर :- ब्रिटेन में बनी सबसे असरदार बीयर ॥

नज़र :- लो जी कल्लो बात....यार ये अपने दीपक (दीपक मशाल ) को क्या जल्दी थी इतनी आने की ...थोडे दिन रुक कर आते छोटे मियां तो ...उस असरदार का असर यहां तक देखने को मिल जाता ॥ वैसे हमें पूरी से भी ज्यादा (चलो खस्ता कचौडी कह लेते हैं ....)उम्मीद है कि इस खबर पर अपने उडन जी की नजर जरूर पडी होगी ......आखिर उनकी भी कुछ मजबूरियां हैं ....और मजबूरी तो मजबूरी होती है ...है कि नहीं ......अरे कहिए न ...॥

______________________________________________________________________

जाईये बकिया खबर सब बाद में ......

गुरुवार, 26 नवंबर 2009

भारत दुनिया की उभरती ताकत : बस कसाब का कुछ नहीं कर पाया

खबर :- चीन पर मनमोहन सख्त ......

नज़र :- सर जी, चीन पर तो आप सख्त नरम होते रहना ॥ और वो तो आप सालों साल होते भी रहे हो उससे हमें क्या ॥ हमें तो ये बताओ महाराज कि चीनी के बारे में आप क्या सोच रहे हो जी ..?
वे नाटे कद के होते हैं ......उनकी शक्लें एक सी होती हैं ....और....

अरे रुको सर, संता बंता डौट कौम , ...यार मैं चीनी यानि शक्कर की बात कर रहा हूं । अमां क्या भाव चढाएं हैं उसके । कम्बख्त इतनी सख्त हो गई है कि खरीदते खरीदते तो हमही घुल जाते हैं । उपर से सुना है कि गन्ना किसानों को कुछ दे ही नहीं रहे हो .....आखिर ये माजरा क्या है भाई....बस जय हो ..जय हो ...गाते रहें क्या ....
______________________________________________________

खबर :- मांगे नहीं मानी तो होगा आंदोलन ...

नज़र :- क्या मतलब, मान लो मांगे मान ली तो क्या नहीं होगा आंदोलन ...? अबे पगला गए हो का ......देश आजाद है भाई...और इसी बात के लिए तो आजाद है जी ..मेरा मतलब आजादी का सबसे सच्चा मतलब तो इन्हीं लोगों ने समझा है । मांगो वांगो की कंडीशन छोडो ..डायरेक्ट आंदोलन छेडो, जुलूस निकालो, सडकों पर उतर जाओ, बस ट्रेन फ़ूंको ....। मगर यार ये सब ...आप लोग .गरीबी, अशिक्षा,बेरोजगारी ,कुपोषण भुखमरी जैसी फ़ालतू बातों के लिए अपना टाईम खोटी मत करना यार प्लीज ....बांकी सब चीजों के लिए करो ...

________________________________________________________
खबर :-भारत दुनिया की उभरती ताकत ....

नज़र :- देखा मान गए न ...अबे उभरती ताकत है ...कोई मामूली बात नहीं है ये ..मगर यार ओबामा..तुमने वो फ़्रैंडशिप वगैरह तो चीन के साथ दिखाई है ...और फ़िर मुझे एक डाऊट भी है ..जो बंदे सीधे आके दनदनाते हुए ..हमारे किसी शहर में घुस कर सैकडों लोगों को मार देते हैं ...उन्हें हम सालों साल बिठा के दामाद की तरह खिलाते पिलाते हैं ...जबकि तुम लोगों ने तो शंका समाधान में ही ईराक और अफ़गानिस्तान की बैंड बजा दी .....। चल बे ओबामे फ़ट्टे पे चढा रहा है न ....असल में तो हमारी सरकार एक नंबर की फ़ट्टू और डरपोक है ..और वे बेवकूफ़ जिन्होंने उसे जिंदा छोडा..वहीं लगा देनी थी आग उसके मुंह में ..। खैर भाई तुम्हें तो इसलिये भी उभरती ताकत लगता होगी क्योंकि सारी दुकानदारी भारत के भरोसे ही चलने जो है ..।
________________________________________________________

खबर :-आस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में युवाओं को मौका दिया जाएगा ..।

नज़र :- अबे क्या खाक दोगे मौका तुम अपने युवाओं को वे ससुरे तो सब के सब भारतीयों से लडने भिडने में लगे हैं ..तुम्हारे पास कोई काम धाम तो बचा नहीं है और फ़िर क्रिकेट टीम में तुम्हारी बदकिस्मती से सिर्फ़ ग्यारह खिलाडी ही होते हैं ..तो बांकी बचे हुए जो युवा है ..वे पता नहीं कौन सी खुन्नस में टुन्न होकर पीट पाट कर रहे हैं हमारे बच्चों के साथ ...अबे तुम लोगों को शर्म भी नहीं आती ..हम लोग अतिथि देवो भव: जपते रहते हैं और तुम ...छि छि छि ..॥

_______________________________________________________

खबर :- शुरू से ही चूजी रहा हूं ..तुषार कपूर ..॥

नज़र :- ओहो ..तो ये है आपके सुपरस्टार बनने का राज । हमें लगा कि जीतू पुत्र और एकू अनुज (एकता कपूर जी और कौन ) होने के अलावा आपका नैसर्गिक सौंदर्य तथा अप्रतिम प्रतिभा ही वो लजवाब गुण हैं जिन्होंने आपको इतना बडा स्टारडम दिला दिया । वैसे अभी एक दो पिक्चर तो और करेंगे न ..या सीरियल वैगेरह में ही .......ओह कैसे बताएंगे ..चूजी हैं आप तो ॥

________________________________________________________

खबर :- आरक्षण समाप्त करना संभव नहीं ..राहुल गांधी ....

नज़र :- श्श्श.....धीरे बोलो सर आरक्षण को हटाने लदाने की बातें करना अब इस देश में एक अपराध है ..और राजनेताओं के लिये तो किसी भी तरह अभिशाप से कम नहीं ..क्या पता उसका क्या कैसा मतलब निकाला जाए।
फ़िर आरक्षण से तो देश में कितना क्रांतिकारी बदलाव आ गया है ..बस्तर के आदिवासी हों या गोंड के आदिवासी ..बिहार के किसी छोटे से कस्बे के बहुत नीची जाते वाले गरीब मजदूर ..आखिर उनके लिये ये किसी वरदान से कम थोडी है ....क्या कहा ...उन्हें तो मालूम भी नहीं है ..वे तो आज भी रोटी के जुगाड में ही जी मर रहे हैं ...अबे तो क्या खाक होगा ये आरक्षण ले के ॥

बस जी रात बहुते हो गया है आज तो एतने पढिये ..बकिया समाचार कल ..


....

रविवार, 8 नवंबर 2009

महिला हाकी टीम की दोहरी कामयाबी : तो क्या हुआ , ये खबर क्रिकेट में भारत की हार से बडी तो नहीं .



खबर :- महिला हाकी टीम की दोहरी कामयाबी...

नज़र :- लो तो क्या हुआ ..देखिये जी दोहरी हो ,तिहरी हो ..या पचासवी कामयाबी , ...ये क्रिकेट टीम की हार से बडी खबर तो नहीं है न , ये तो आप मानते हैं न ।आप कहेंगे हुंह ...अब तो ये भी कोई खबर नहीं कि भारत की टीम हार रही है ...वो तो रोजे हार रहे है जी ...। देखिये देखिये ..ई मामला में हम आपका साथ नहीं देंगे ..क्रिकेट के मामले में हम सेंटी और बहुते टची हैं जी । अब चाहे पूरा सीरीज हार जाएं ..मुदा खबर तो इहे रहेगा जब तकले ..एको मैच रहेगा तब तक..। और फ़िर महिला खेल और खिलाडी कब से खबर बन गये भैया इस देश में । जब क्रिकेटिया जनून में भी महिला क्रिकेट का कौनो पोजीशन नहीं है ..तो ई तो हकिया था ...हकिया का तो पहिले से ही हालत .....राष्ट्रीय टाईप से खराब है न जी । ..हां महिला खिलाडी का खबर तो एके पोजीशन में हो सकता है ..। अब देखिये न अभी अपनी ..उडनपरी जी ..माने पी टी उषा जी ने खबरों में स्थान पाया था न ....तो काहे गम करते हैं ॥

_____________________________________________________________________

खबर :- मिशेल ओबामा करेंगी रिएल्टी शो ..

नज़र :- हां ..हां ..बताईये न कौन सा करेंगी ...॥ अपने लिये पति चुनेंगी ...या बच्चे पालने हैं दूसरों के ...वैसे डांस और गाने का भी बहुते शो है ..हम लोगन के पास ...मुदा आपका वाला सुर और स्टेप्स कौनो समझ नहीं पाएगा ..और फ़िर जल्दीए बाहर हो गए तो ..आप अमरीका लोग कहियेगा कि ठीक से सम्मान नहीं किए ।अरे हां बिग बौस भी तो है ....लेकिन ऊ में भी अब फ़ैदा न न है..देखिये काहे से एक ठो इंग्रेजन तो हईये है ....दूसरा ई कि आपके टक्कर का एके गो मल्टी मिलेनियर थे इस शो में ....अरे वही मिस्टर देशद्रोही ....ऊ भी बेचारे बौसदोही होके निकल लिये..। लोग पूछेंगे कि शादी का क्या बात है ..। अरे जब राहुलवा ..(बताईये इहां राहुलवा के नाम से याद आ गया ,.,..जौन राहुलवा का एको गो नहीं हुआ ..ऊको स्वयंवर करना चाहिये ..ऊ रोड शो कर रहा है ..जौन एक बार कर के ..छोड दिया ..ऊ दोबारा ..शादी कर रहा है ) दोबारा से ट्राई कर सकता है ...खाली शो के लिये कि पता नहीं काहे के लिये ......तो आपो काहे नहीं ....। अरे ओइसे भी ई शो ..एक नंबर के के कुंवारा सब के लिये नहीं है जी ..कौनो लफ़डा तो होना ही चाहिये न ..॥

_________________________________________________________________ खबर :-पाक सेना के शिविरों के पास हैं आतंकी अड्डे, ....ए के एंटनी .।

नज़र :- खबर को अपडेट किजीये जी ..पाकिस्तान के पास जतने भी अड्डे थे ....सब भाडे पर लगा दिये गये हैं .....यही तो है असली इन्वेस्ट्मेंट ...बताईये ..ई ससुर अमरीका में मंदी आ गया ई लोग को पैसा दे दे के ..और ई लोगन का चलाकी देखिये ...झुग्गी टाईप अड्डा सब बनवा दिया ...और दे दिया भाडा पर तलिबनिया सब को ।
लेकिन एक बात समझ में नहीं आया ..एंटनी साहब ..आप ई सब पर काहे ध्यान दे रहे हैं जी .....अरे होने दिजीये अड्डे ....लेकिन इसका मतलब ये थोडी है कि ...हम अपने प्यारे मेहमान ..कसाब अफ़ज़ल के लिये अपना खुद का इंतजाम नहीं कर सकते । हमने कर रखा है और खूब कर रखा है ..कह दिजीयेगा ..इसके लिए हम पाकिस्तान के अड्डे के मोहताज नहीं है जी ...एकदमे नहीं ..॥

___________________________________________________________________


खबर :- बडे नेताओं से जुडे मधु कोडा के तार ..

नज़र :- लो जी ये तो खबर होगी आप लोगन के लिये ..हम लोगन को ई सब पहिले ही पता था जी ....अब बताईये भला ..पूरा दू हजार करोड ..इकेला एक आदमी कैसे हजम कर सकता है ...ओईसे तो कर भी सकता है जी ....जब हमरे लालू जी ..बिहार का पूर छ हजार करोड खा गये ..तो कोडा जी .झारखंड का दूई करोड नहीं लपेट सकते ...मुदा सुने हैं कि उनका पेट खराब हो गया है..अस्पताल में हैं ॥ हमका एक और बात पल्ले नहीं पडी ई जब हम लोगन का दोनो स्टेट एकदम से गरीब है त ....ई एतना पैसा कहां से आता है जी ..........? सोचिये आपहु सोचिये।
और तार का का है ऊ तो जुडिये जाता है नेता सबका एक दूसरा से ...ऊ तो खाली जनता है नहीं जुड पाता है ....न तार .......न बेतार ॥

__________________________________________________________________


खबर :-पटना में तीन सौ किलो विस्फ़ोटक मिला ..

नजर :- छोडो बे ..बेकार की खबर है ...किसी काम की नहीं है ...अगर तीन सौ किलो ...आलू, प्याज, टमाटर ....मिलता तो होती ये खबर ....एक दम खालिस एक्सक्लुसिव ....और यदि ...तीन सौ किलो .....दाल होती तो भैया फ़िर तो ..ई खबर बीबीसी के लेवल वाली होती ...और हमको तो लगता है दंगा होईये जाता ..आखिर तीन सौ किलो दाल का एक साथ एक जगह पर पाया जाना...देश के आर्थिक स्थिति को ..दर्शाने टाईप का तथ्य है जी ...मानो या न मानो .....टैण टैणेन.......

__________________________________________________________________


बस जी जादे खबर मत पढा किजीये ...आज एतना ही ..बकिया खबर में फ़ोटो आप गूगल बाबा से अपने देख लिजीयेगा ...काहे से बहुते टाईम खाता है..ओतना में तो कतना को टीप लेंगे ..है कि नहीं ...

रविवार, 1 नवंबर 2009

नेता बनेगा शूटर बजरंगी.....का जी ब्लागर बनते न.....?

खबर :-मुशर्रफ़ भगोडा अपराधी घोषित......

नज़र :- हो गए....चलो ये एक काम तो पक्का हुआ आपका ....मगर तय कर लिया है न कि बंदा पाकिस्तान का ही था न...अरे नहीं नहीं यार कोई खास बात नहीं है ...मगर तुम लोग हमेशा ही ...कभी अफ़ज़ल को तो कभी कसाब को कह देते हो कि भैय्या ..ई तो हमारे पाकिस्तान का हईये नहीं है । ऊ तो पता नहीं ..कैसे इसका राशन कार्ड, पहचान पत्र सब थो कागजात ..यहां का बना हुआ है । तो पता करिये लो ....कहीं ई मुशर्रफ़ भी तो मजाके मजाक में ..पाकिस्तान का गद्दी पर नहीं तो बैठ गये थे । वईसे कुछ भी कहो यार तुम लोग ऊसूलों के एक दम पकिया हो जी ....कौनो शासक को छोडते नहीं हो...सबको ऊन
लोगन के पाप का ईनाम जरूरे देते हो । वैसे हैं कहां ई भगोडा......?
______________________________________________________________________

खबर :- पेयजल से नहीं होगी मशीनों की धुलाई....

नज़र :- अच्छा ..तो बिसलेरीये यूज न किजीये जी ....आज कल पेयजल मिलिये किसको रहा है.....धरती पर तो सुने हैं एकदमे गायब हो रहा है ...हां सुने हैं कि ताजा ताजा चांद पर कुछ अईसने टाईप का मिला है ...अब ई बिसलेरी का है कि ...चांद का अपना है ..ई पता नहीं चला है । हां ई बिसलेरी से ही धोना आखिरी विकल्प रह न गया है जी काहे कि जब स्टेशन सब पर भी ..पेयजल मिले न मिले .(.काहे कोशिश करते हैं ..नहींये मिलेगा )...मुदा ई बिसलेरिया ..एकदम से टनाटन मिल जाता है । बस अंटी से नावां ढीला किजीये ...और तर किजीये गला।

_______________________________________________________________________

खबर :- नेता बनना चाहता है शूटर मुन्ना बजरंगी

नज़र:- लो ...ई भी नेता ही बनना चाहता है...कितना प्यार करता है भारतीय लोकतंत्र से । कभी कभी तो हमको लगता है कि हमसे जादे तो ई लोगन को देश और समाज के प्रति प्रेम है..देखिये तो जतना ई टाईप और ऊ टाईप लोग ..एक्टिव सर्विस से पकडा जाता है फ़ट से अपना असली काम को जाहिर कर देता है।..भैया मुन्ना बजरंगी अब तुम ई तय करिये लिये तो ई भी बता देते कि पर्टिया कौन ज्वाईन करोगे......? अरे नहीं जी टेंशन ई बात का नहीं है कोई पार्टी तुमका रखेगी कि नहीं ..उ तो सब रखिये लेंगे ...ओईसे भी सब नया फ़ेस के लिये तक रहे हैं.....मुदा खाली ई कंफ़र्म कर देते कि कौन पार्टी और कौन क्षेत्र चुनोगे अपने ऊ का कहते हैं तथाकथित कर्मक्षेत्र के रूप में.....जनता भी अभिये से खुस हो लेता आखिर बजरंगी जो आ रहे हैं समाज सेवा करने.....। अच्छा जब नेता बन जाओगे न ....अरे शक नहीं जी हमको तो पूरा विश्वास है..अरे तुमसे जादे जनता पर जी..तुमको बनाईये देगी....त जब बन जाओगे न ..हें...हें....हें.....हिंदी में ब्लोग्गिंग करना ..प्लीज...करोगे न....देखो ..ई पहली बार होगा कि कौनो ..क्रिमिनल टर्न्ड नेता ..हिंदी ब्लोग्गिंग में आएगा ....लालूओ तो इंग्रेजी में....छोडो....सेलिब्रिटी हो जाओगे भैया...।
_______________________________________________________________________

खबर :- बहुत जल्दी ही छ नए एम्स अस्पताल बनेंगे .....

नज़र :- एके साथ आधा दर्जन जी .....का बात है भैया एतना चिंता बीमार देश का....ओईसे एकदम ठीक डिसीजन है जी.....ई ससुर जब से ..ई नयका नयका ..मुर्गी फ़्लू ...सूअर फ़्लू.....जईसन बीमारी ..हम निरीह इंसानों को पकड लिया है ...तभिये से ई बात का जरूरत महसूस हो रहा है कि ...ई पशु पक्षी जनित बीमारी सब भी संक्रमित कर रहा है ...तो बनना ही चाहिये था ....।अच्छा ई बतईये तो तनिक कि सुविधा सब तो ओईसने टाप किलास रहेगा न..।
अरे का अब खोल खोल के पूछते हैं जी .....हमरे कहने का मतलब ओतने टौप का अस्पताल बनेगा ..तो बिना किसी सिफ़ारिश के उहां भर्ती नहीं मिलने वाला...डाक्टर सब का नियमित हडताल ...बिलबिलाता मरीज सब....नेताजी लोगन को स्पेशल अटेन्शन....जैसी सुविधा सब होईबे करेगी न....।देखिये इसमें से तनिकबो कम हुआ तो ...ई लगबे नहीं करेगा कि टौप क्लास है....

_________________________________________________________________

खबर :- मुजफ़्फ़रपुर में विधि छात्रों ने की कुलपति की पिटाई...

नज़र:- अब बिहार में परीक्षा के दौरान छात्रों को रोकेंगे-टोकेंगे...तो पिटईवे करेंगें न.....और का होगा ....कुलपति हों कि करोडपति...हमरे बिहार में कौनो भेदभाव नहीं होता है जी.....।और फ़िर जौन लोग खुदे कानून पढ रहे थे ...ऊ तो हाथ में कानून लईबे करेंगे न.....आखिर कानून के हाथ बहुते लंबे होते हैं न.....और उसमें खुजली भी बहुते होती है...पिटने पिटाने का तो बस टरेनिंग भर हो गया समझिये......बकिया परीक्षा सब ठीक चला न ...कौनो दिक्कत तो नहीं हुआ ,....ई कुलपति जी को भी समझना न चाहिये था कि ओईसे ही न्यायपालिका पर कतना बोझ बढ्ता जा रहा है...तो जतना जलदी से जल्दी ....ई लोगन को डिग्री मिलेगा ओतने जल्दी न न्याय मिलेगा जी......आगे से ध्यान रखियेगा ...कुलपति जी ...

__________________________________________________________________